ईंट भट्ठा संचालकों की मांग पूरी होने पर एसोसिएशन ने चेयरमैन आर.पी. सिंह को किया सम्मानित
वाराणसी। ईंट निर्माता एसोसिएशन वाराणसी के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आर.पी. सिंह का स्वागत एवं सम्मान कर ईंट भट्ठा उद्योग से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश में वर्ष 2012 के बाद से प्रदूषण संबंधी लाइसेंस जारी होने पर लगी रोक के कारण ईंट भट्ठा संचालकों को वर्षों से प्रशासनिक और व्यावसायिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ‘मुन्ना’ ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों ने पहली बार 11 मार्च 2025 को लखनऊ स्थित चेयरमैन आर.पी. सिंह के आवास पर उनसे मुलाकात कर ईंट भट्ठा संचालकों की समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण सक्सेना, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन से मिलकर प्रदूषण लाइसेंस जारी करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के लगातार प्रयासों और राज्य सरकार के सकारात्मक रुख के परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में प्रदूषण संबंधी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को मंजूरी प्रदान की गई। इससे प्रदेश के हजारों ईंट भट्ठा संचालकों को राहत मिली है।
विभागीय कार्य से वाराणसी पहुंचे चेयरमैन आर.पी. सिंह का कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित होटल रामाडा में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष हरिशंकर सिंह मुन्ना ने कहा कि लाइसेंस संबंधी बाधाओं को दूर कराने में चेयरमैन की भूमिका सराहनीय रही है, जिसके लिए पूरा ईंट उद्योग उनका आभारी है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईंट उद्योग क्षेत्र हजारों श्रमिकों एवं उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। लाइसेंस संबंधी समस्याओं के समाधान से उद्योग को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग भविष्य में भी उद्योग से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ) रोहित शर्मा सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसोसिएशन की ओर से रोशन सिंह, अजीत सिंह (हरिओम), उमेश यादव, विकास सिंह, पंकज सिंह, राहुल सिंह, बाबू सिंह, प्रवीण सिंह, अमित सिंह, रमाशंकर सिंह, रिंकू पांडेय, शशांक शेखर, अखिलेश सिंह, आनंद सिंह, धीरज सिंह, विपिन सिंह, चंदन सिंह, सुनील यादव, राहुल यादव, कोमल सिंह, रामजनम यादव, आनंद कुमार पांडेय, संजय कुमार यादव (शिव शक्ति ईंट भट्ठा), उमेश पटेल (प्रिंस मार्का ईंट उद्योग, नेहिया) सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
