×

देव दीपावली पर गंगा में नावों की मनमानी पर लगेगी लगाम, पांच किलोमीटर तक बनेगा टू-लेन कॉरिडोर

Varanasi Dev Deepawali 2026, Dev Deepawali Ganga Security, Two Lane Boat Traffic System, Floating Water Rescue Station, Water Ambulance Varanasi, Ganga River Safety, NDRF Deployment Varanasi, PAC Security Deployment, Varanasi Jal Police, Ganga Boat Traffic Management, Dev Deepawali Security Arrangements, Varanasi Ganga Ghats

वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने नदी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इस बार गंगा में नावों की अनियंत्रित आवाजाही रोकने और संभावित हादसों पर अंकुश लगाने के लिए करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में टू-लेन नौका यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए प्रयागराज से विशेष डिवाइडर उपकरण मंगाए गए हैं। निर्धारित जलमार्ग को दो हिस्सों में बांटकर नावों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। साथ ही बीच रास्ते में वापस लौटने वाली नावों के लिए यू-टर्न की सुविधा भी रहेगी।

गंगा में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जल पुलिस ने फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन तैनात कर दिया है। इसके माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा वाटर एंबुलेंस भी तैनात रहेगी, जिससे गंगा में किसी श्रद्धालु या पर्यटक की तबीयत बिगड़ने अथवा दुर्घटना होने पर मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था होगी।

40 मीटर लंबा रेस्क्यू स्टेशन, 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की क्षमता

गंगा में तैनात फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन 40 मीटर लंबा और नौ मीटर चौड़ा है। इस पर एक साथ 50 से अधिक जल पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा सकती है। स्टेशन के चारों कोनों पर उच्च क्षमता वाले कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से रात के समय भी दूर तक निगरानी संभव होगी। इसमें दो इंजन लगाए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर इसे गंगा में एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकेगा। इसके साथ एक तेज रफ्तार वैकल्पिक नाव भी रहेगी, जो किसी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद करेगी।

फिलहाल रेस्क्यू स्टेशन को गंगा के पार रेतीले क्षेत्र में लगाया गया है। यहां नाव संचालकों और ऊंट संचालकों के बीच होने वाले विवादों पर नजर रखने की भी योजना है। देव दीपावली के दिन इसे चेतसिंह घाट के पास तैनात किया जाएगा, ताकि प्रमुख आयोजन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके।

दो शिफ्ट में होगी जल पुलिस की तैनाती

फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन पर दो शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। पहली शिफ्ट सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक उपनिरीक्षक और चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह टीम गंगा में गश्त करने वाली जल पुलिस की चार नावों और एक वाटर एंबुलेंस को बैकअप उपलब्ध कराएगी।

360 एनडीआरएफ और 750 पीएसी जवान संभालेंगे सुरक्षा

देव दीपावली पर गंगा में सुरक्षा और आपातकालीन बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ तथा पीएसी की बड़ी संख्या में तैनाती की जाएगी। योजना के अनुसार एनडीआरएफ के 360 जवान और 42 नावें मोर्चे पर रहेंगी। वहीं पीएसी की 18 नावों के साथ 750 जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। गंगा में लगातार निगरानी, नावों की आवाजाही पर नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए रिहर्सल भी शुरू कर दिया गया है।

एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर के अनुसार, देव दीपावली पर लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गंगा में सुरक्षा और नौका यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके लिए रिहर्सल और टू-लेन व्यवस्था लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Share this story