×

पुराने मोबाइल, टीवी और लैपटॉप अब नहीं बनेंगे कचरा, वाराणसी में शुरू हुई नई व्यवस्था

पुराने मोबाइल, टीवी और लैपटॉप अब नहीं बनेंगे कचरा, वाराणसी में शुरू हुई नई व्यवस्था

वाराणसी। स्मार्ट और स्वच्छ काशी के निर्माण की दिशा में नगर निगम ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण को लेकर नई पहल की है। शहर में ई-वेस्ट के संग्रह, प्रबंधन और रीसाइक्लिंग के लिए नगर निगम ने एडमाइबिन को अधिकृत किया है। इस व्यवस्था के तहत अब शहरवासी अपने पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से दे सकेंगे। इसके बदले उन्हें सामान की स्थिति और निर्धारित मूल्यांकन के आधार पर भुगतान भी मिल सकेगा।

योजना के तहत घरों से लेकर कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों तक से इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र किया जाएगा। नागरिक पुराने मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, यूपीएस, टेलीविजन, फ्रिज, वाशिंग मशीन, चार्जर, केबल, पंखे, वाटर प्यूरीफायर, लाइट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को संग्रह के लिए दे सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर पिकअप की सुविधा प्राप्त की जा सकती है। संपर्क के बाद सामान उठाने के लिए समय निर्धारित किया जाएगा।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य ई-कचरे को अनियंत्रित तरीके से फेंकने या उसका असुरक्षित निस्तारण करने से रोकना है। एकत्र किए गए इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अधिकृत माध्यमों से सुरक्षित प्रबंधन और रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। इससे उपयोगी सामग्री के पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण प्रदूषण का खतरा कम करने में भी मदद मिलेगी।

हर साल बढ़ रहा इलेक्ट्रॉनिक कचरा

तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ शहर में ई-वेस्ट की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। घरों, दुकानों और कार्यालयों से बड़ी मात्रा में पुराने मोबाइल, चार्जर, एलईडी लाइट, कंप्यूटर और छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निकलते हैं। समय पर इनका उचित निस्तारण नहीं होने से कचरा प्रबंधन की चुनौती बढ़ जाती है।

पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में मिलाने या खुले में जलाने से उनमें मौजूद सीसा, पारा और कैडमियम जैसी हानिकारक धातुओं के पर्यावरण में पहुंचने का खतरा रहता है। इससे मिट्टी और भूजल प्रदूषित हो सकते हैं। ऐसे में ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से संग्रह और रीसाइक्लिंग जरूरी है।

नगर आयुक्त ने की अपील

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य घरेलू कचरे से अलग रखें और उसके सुरक्षित निस्तारण में सहयोग करें। नगर निगम की इस पहल के माध्यम से शहरवासियों को पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान के उचित निस्तारण का विकल्प मिलेगा। साथ ही, उपयोगी सामग्री के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देकर स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल काशी बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

नगर निगम की अपील है कि नागरिक ई-कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित हेल्पलाइन पर संपर्क करें और जिम्मेदार रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया में भागीदार बनें।

Share this story