×

नर्सिंग अधिकारियों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी , काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

 नर्सिंग अधिकारियों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी , काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

 वाराणसी। नर्सिंग अधिकारियों के आंदोलन को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए संगठन ने मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। संगठन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, प्रदेश के सभी मंडलों एवं जनपदों के चिकित्सालयों में नर्सिंग अधिकारी कल सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान नर्सिंग अधिकारी काली पट्टी बांधकर अथवा काले वस्त्र पहनकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

संगठन ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य बहिष्कार को सुनिश्चित कराने के साथ आंदोलन की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है। इसके लिए स्थानीय समाचार पत्रों, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आंदोलन की मांगों और गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

 नर्सिंग अधिकारियों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी , काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

हाल ही में आयोजित गूगल मीट में दीपावली तक प्रतिदिन दो घंटे कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया था। महामंत्री के निर्देश पर जल्द ही एक और ऑनलाइन बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बैठक में प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर आंदोलन की तैयारियों एवं पदाधिकारियों की सक्रियता की समीक्षा भी की जाएगी।

संगठन की ओर से पदाधिकारियों से एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की गई है। निर्देश में कहा गया है कि सभी के आग्रह पर ही कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है, इसलिए इसे सफल बनाने की जिम्मेदारी भी प्रत्येक सदस्य और पदाधिकारी की है।

संगठन ने सभी नर्सिंग अधिकारियों से एकजुटता बनाए रखने और अपनी मांगों के समर्थन में मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया है।

Share this story