×

नर्सिंग अधिकारियों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी, काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

नर्सिंग अधिकारियों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी, काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

वाराणसी। नर्सिंग अधिकारियों के आंदोलन को गति देने के लिए संगठन ने प्रदेश के सभी मंडलों और जनपदों में विरोध प्रदर्शन को प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन की ओर से समस्त मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों के सभी चिकित्सालयों में नर्सिंग अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत नर्सिंग अधिकारी कल सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान वे काली पट्टी बांधकर अथवा काले वस्त्र पहनकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

संगठन ने आंदोलन को मजबूती प्रदान करने के लिए पदाधिकारियों से स्थानीय समाचार पत्रों, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आंदोलन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का भी आह्वान किया है। संगठन का उद्देश्य आंदोलन की आवाज को प्रदेश के सभी जिलों और मंडलों तक पहुंचाना है।

हाल ही में आयोजित गूगल मीट में दीपावली तक प्रतिदिन दो घंटे कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया था। महामंत्री के निर्देशानुसार जल्द ही एक और ऑनलाइन बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। बैठक में प्रदेश, मंडल और जिला स्तर पर आंदोलन की तैयारियों तथा पदाधिकारियों की सक्रियता की समीक्षा भी की जाएगी।

संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और नर्सिंग अधिकारियों से एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करने की अपील की गई है। पदाधिकारियों से कहा गया है कि कार्य बहिष्कार की शुरुआत सभी के आग्रह पर की गई है, इसलिए इसे सफल बनाने की सामूहिक जिम्मेदारी भी सभी की है। संगठन ने एकता और सक्रिय भागीदारी को आंदोलन की सफलता का आधार बताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया है।

Share this story