नर्सिंग अधिकारियों का आंदोलन तेज, दीपावली तक रोजाना दो घंटे कार्य बहिष्कार का ऐलान
वाराणसी। नर्सिंग अधिकारियों के आंदोलन को गति देने के लिए संगठन ने प्रदेश के सभी मंडलों और जनपदों में कार्य बहिष्कार को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की है। संगठन की ओर से समस्त मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी चिकित्सालयों में नर्सिंग अधिकारी काली पट्टी अथवा काले वस्त्र पहनकर विरोध दर्ज कराएं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नर्सिंग अधिकारी कल सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि हाल ही में आयोजित गूगल मीट में दीपावली तक प्रतिदिन दो घंटे कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
आंदोलन को व्यापक समर्थन दिलाने के लिए सभी पदाधिकारियों से स्थानीय समाचार पत्रों, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आंदोलन की गतिविधियों को प्रचारित करने तथा अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की गई है।
संगठन के महामंत्री के निर्देशानुसार जल्द ही एक और गूगल मीट आयोजित की जाएगी। इसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बैठक के दौरान प्रदेश, मंडल और जिला स्तर पर आंदोलन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी आंदोलन को सफल बनाने के लिए कितनी सक्रियता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और नर्सिंग अधिकारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। अपील में कहा गया है कि सभी के आग्रह पर ही कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया था, इसलिए इसे प्रभावी और सफल बनाने की जिम्मेदारी भी प्रत्येक सदस्य की है। संगठन ने एकता और सामूहिक प्रयास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी से अपनी मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़े रहने की अपील की है।
