×

नए साल से बदल जाएंगे महानगरी और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस के नंबर

नए साल से बदल जाएंगे महानगरी और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस के नंबर

वाराणसी। मुंबई और वाराणसी के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। रेलवे प्रशासन ने महानगरी एक्सप्रेस और बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) एक्सप्रेस के ट्रेन नंबरों में बदलाव करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था एक जनवरी 2027 से लागू होगी। इसके बाद दोनों ट्रेनें अपने पुराने नंबरों के साथ संचालित होंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, वाराणसी और मुंबई के बीच चलने वाली महानगरी एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 22177 बदलकर 11093 कर दिया गया है। वहीं, वापसी में चलने वाली ट्रेन संख्या 22178 अब 11094 नंबर से संचालित होगी। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बनारस आने वाली ट्रेन संख्या 12167 का नया नंबर 11067 निर्धारित किया गया है। जबकि बनारस से एलटीटी जाने वाली ट्रेन संख्या 12168 अब 11068 नंबर से चलेगी।

सुपरफास्ट का दर्जा हटने के बाद बदले नंबर

ट्रेनों के नंबरों में बदलाव के पीछे सुपरफास्ट श्रेणी से जुड़ा मामला है। संसदीय समिति ने महानगरी और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस की औसत गति तथा ठहराव के मानकों पर सवाल उठाए थे। समिति की आपत्ति के बाद रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा समाप्त कर इन्हें सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में शामिल करने का निर्णय लिया। इसी के बाद इनके ट्रेन नंबरों को 22 और 12 सीरीज से हटाकर पुरानी 11 सीरीज में वापस किया जा रहा है।

यात्रा से पहले नए नंबर जरूर जांचें

रेलवे के इस बदलाव का असर इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। एक जनवरी 2027 से टिकट बुकिंग, आरक्षण और ट्रेन की स्थिति की जानकारी के लिए यात्रियों को संशोधित नंबरों का इस्तेमाल करना होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस एप या रेलवे पूछताछ सेवा से ट्रेन के नए नंबर और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें।

Share this story