काशी में नितिन नवीन की पहली जनसभा आज, योगी और हिमंत समेत जुटेंगे भाजपा के दिग्गज
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ बुधवार को वाराणसी पहुंचेगी। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन काशी में अपनी पहली बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली इस सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा संगठन ने जनसभा को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी की ओर से सभा में करीब 50 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। मंच, प्रवेश-निकास, पार्किंग, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद काशी में यह उनकी पहली बड़ी जनसभा है, इसलिए पार्टी संगठन इसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देख रहा है।
वडनगर से निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा में करीब 500 यात्री शामिल हैं। काशी पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा से जुड़े प्रतिभागी बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। गुजरात की नदियों के जल के साथ गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसके बाद सभी यात्री जगतपुर स्थित जनसभा में शामिल होंगे।
भाजपा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह अभियान सेवा और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर में चलाया जा रहा है। वडनगर से शुरू हुई बाइक यात्रा का काशी पहुंचना इसी अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
नितिन नवीन अपने दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी करेंगे। इसके अलावा युवाओं, विशेषकर जेन-जी से संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में होने वाली जनसभा में भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम को लेकर काशी क्षेत्र, जिला और महानगर संगठन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
