×

लमही संग्रहालय में खुलेंगे प्रेमचंद के जीवन के नए पन्ने, हालिया शोध के तथ्य होंगे प्रदर्शित

 वाराणसी के लमही में प्रेमचंद के जीवन, संघर्ष और साहित्यिक योगदान को करीब से जानने का माध्यम बना संग्रहालय

वाराणसी। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही स्थित स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय को साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से और अधिक समृद्ध बनाने की तैयारी की जा रही है। संग्रहालय में अब प्रेमचंद के जीवन से जुड़े ऐसे अनछुए पहलुओं और प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिनसे अब तक बड़ी संख्या में लोग परिचित नहीं हैं। हालिया शोध के दौरान सामने आए नए तथ्यों को प्रामाणिक जानकारी और उच्च गुणवत्ता वाली प्रस्तुति के साथ संग्रहालय में शामिल करने की योजना है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों, शोधार्थियों और साहित्य प्रेमियों को प्रेमचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

इस संबंध में बुधवार को लखनऊ में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात भी मौजूद रहे। इस दौरान लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय के विकास और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारियों को अधिक तथ्यपरक एवं प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। हालिया शोध से प्राप्त तथ्यों को संग्रहालय में प्रदर्शित करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में पर्यटन मंत्री ने प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की प्रामाणिक जानकारी पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित परियोजनाओं के शिलालेखों पर क्यूआर कोड लगाने को कहा, ताकि पर्यटक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से संबंधित स्थल के इतिहास और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकें।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि राज्य योजना के तहत प्राप्त 418 परियोजनाओं में से 367 का परीक्षण पूरा कर लिया गया है। वहीं, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़ी 17 परियोजनाओं पर काम जारी है। विभाग की ओर से संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

पूर्वांचल के पर्यटन विकास को लेकर भी बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। मिर्जापुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापना का कार्य दिसंबर के मध्य तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा भदोही स्थित राही संपत्ति और झील महल रेस्टोरेंट के बेहतर संचालन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को प्रबंधन अनुबंध की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।

लमही संग्रहालय में प्रेमचंद के जीवन से जुड़े नए तथ्यों को स्थान दिए जाने की पहल को काशी की साहित्यिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे लमही को साहित्यिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद मिल सकती है।

Share this story