रेल परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शुक्रवार को गोरखपुर कैंट–पनियहवां रेलखंड पर स्थित बोदरवार और कप्तानगंज रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे दोहरीकरण एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और रेल परिचालन से जुड़ी संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, मुख्य सिग्नल इंजीनियर रोशन लाल यादव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले बोदरवार स्टेशन पर डीआरएम ने पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, सेफ्टी टैंक, प्लेटफॉर्म सरफेस, नवनिर्मित पैनल रूम और रिले रूम का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन परिसर में अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
इसके बाद कप्तानगंज स्टेशन पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने किलोमीटर संख्या 355/18 से 356/11 तक ट्रैक, बैलास्ट और कट कनेक्शन प्वाइंट की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। स्टेशन पैनल का निरीक्षण करने के साथ ही पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टर से ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि दोहरीकरण एवं निर्माण कार्यों के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे के आधारभूत ढांचे के विकास में गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम शैलेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल और मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
