सफाई में लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सीवर परियोजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने गुरुवार को नगर निगम सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और स्वच्छता रैंकिंग सुधारने पर जोर
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की। इसमें एमआरएफ प्लांट के लिए भूमि चयन, मैकेनिकल स्वीपिंग, आरआरआर, वेस्ट टू वंडर और पुराने कचरे के निस्तारण की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने घाटों और डस्टबिन पर स्वच्छता जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखवाने, पक्के महाल की गलियों में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति रोकने तथा नियमित सफाई की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।
बोगस टैक्स डिमांड पर होगी जांच
संपत्ति कर की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने बोगस डिमांड से जुड़े मामलों की जांच कर उनका निस्तारण करने का निर्देश दिया। जोनल अधिकारियों को इस संबंध में जवाबदेह बनाने के साथ ही करेत्तर राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा गया। जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र निर्धारित समय के भीतर जारी करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
22 वार्डों में पेयजल और सीवर कार्यों की समीक्षा
जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह और जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल सिंह ने 22 वार्डों में चल रहे पेयजल एवं सीवर लाइन संबंधी कार्यों की जानकारी दी। बैठक में 1132 किलोमीटर लंबी लाइन, ओवरहेड टैंक निर्माण, एसटीपी, पंपिंग स्टेशन और वरुणा इंटरसेप्टर की डीपीआर से जुड़े कार्यों पर चर्चा हुई।
नगर आयुक्त ने एनओसी प्राप्त भूमि पर ओवरहेड टैंक का निर्माण शीघ्र शुरू कराने और ट्यूबवेल से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। चितईपुर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित करने तथा मणिकर्णिका घाट की क्षतिग्रस्त व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।
88,726 स्ट्रीट लाइटों की स्थिति जांचने के निर्देश
आलोक विभाग की समीक्षा में बताया गया कि शहर में कुल 88,726 स्ट्रीट लाइटें स्थापित हैं। इनमें हेरिटेज लाइट, स्मार्ट सिटी, पार्षद कोटा और हृदय योजना के तहत लगाई गई लाइटें शामिल हैं। नगर आयुक्त ने ईईएसएल की ओर से स्थापित 36 हजार लाइटों की स्थिति तत्काल जांचने तथा शहर में बेहतर और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के लिए नए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए।
पेंशन और बकाया भुगतान के मामलों का हो त्वरित निस्तारण
बैठक में नगर निगम के बजट, आय-व्यय, पेंशन और अन्य लंबित भुगतान से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान करने और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, दुर्गेश मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, कृष्णचन्द्र, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, रीता रानी विक्रम, इन्द्र विजय, मृत्युंजय नारायण मिश्रा, पवन कुमार गुप्ता, मुन्नालाल राम, विजय कुमार सिंह, डॉ. विजय अमृत राज, संदीप भार्गव, अनूप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त के सख्त निर्देशों के बाद अब नगर निगम के विभिन्न विभागों के सामने कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की चुनौती है। इन निर्देशों का धरातल पर कितना असर पड़ता है, यह आने वाले दिनों में शहर की सफाई, पेयजल और सीवर व्यवस्था में होने वाले सुधार से स्पष्ट होगा।
