×

एनडीआरएफ की तत्परता से गंगा में डूब रहे युवक की बची जान

एनडीआरएफ की तत्परता से गंगा में डूब रहे युवक की बची जान
समय रहते पहुंची एनडीआरएफ, गंगा में डूबते युवक का किया सफल रेस्क्यू

वाराणसी। गंगा नदी के दांडी घाट पर पिकेट एवं पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने गुरुवार सुबह लगभग 7:30 बजे स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रहे एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घाट पर तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मी तत्काल सक्रिय हुए। उन्होंने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगाई और कुछ ही देर में युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी तट पर पहुंचाया।

बचाए गए युवक की पहचान रिशुराज (20 वर्ष), पुत्र सतीश कुमार पटेल, निवासी नालंदा (बिहार) के रूप में हुई। समय रहते किए गए इस त्वरित एवं साहसिक बचाव अभियान से युवक की जान बच गई।

घटना के दौरान वाराही घाट सहित आसपास के घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पूरे बचाव अभियान को प्रत्यक्ष रूप से देखा और एनडीआरएफ टीम की तत्परता, साहस एवं दक्षता की सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर आपदा एवं जल बचाव कार्यों में एनडीआरएफ की पेशेवर कार्यशैली तथा जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को साबित किया।

इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एनडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्नान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एनडीआरएफ अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

Share this story