अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एनडीआरएफ का विशेष अभियान, जवानों और नागरिकों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
वाराणसी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा वाराणसी स्थित चौकाघाट मुख्यालय में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में किया गया, जिसमें एनडीआरएफ के अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में जुटे बचावकर्मियों के बीच योग के महत्व को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग वेलनेस सेंटर से आए योग प्रशिक्षक ऋषभ पाण्डेय एवं यश मौर्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग दिवस के अवसर पर एनडीआरएफ के जवानों ने केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि नमो घाट, सारनाथ, गोरखपुर, लखनऊ और भोपाल में भी विभिन्न संस्थानों, सरकारी निकायों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया।
उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहता है, जिससे कर्मियों की कार्यक्षमता, मानसिक दृढ़ता और समग्र स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
