वाराणसी में कहार समाज का राष्ट्रीय सम्मेलन, सामाजिक विकास पर मंथन
वाराणसी। देश के विभिन्न राज्यों में निवास करने वाला कहार समुदाय सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक दृष्टि से अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। समुदाय की लगभग 104 उपजातियां हैं। समाज में जागरूकता और एकजुटता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय, प्रांतीय और जिला स्तर पर संगठन बनाकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वाराणसी में कहार समाज के बृहद राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के प्रबुद्धजनों और प्रतिनिधियों ने गरिमामयी सहभागिता की।
सम्मेलन में समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए समाज के लोगों को जागरूक होने के साथ ही अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम में अति पिछड़े वर्गों के उत्थान और उनकी उचित भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में रोहिणी आयोग की सिफारिशों और प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने समाज के लोगों को आयोग से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करते हुए सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत होने का आह्वान किया।
सम्मेलन में कहा गया कि कहार समाज की देशव्यापी आबादी लगभग चार प्रतिशत होने का दावा किया जाता है, इसके बावजूद समाज अब तक अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान और प्रभावी नेतृत्व स्थापित नहीं कर पाया है। समाज के लोग विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ जुड़े हैं, लेकिन सामूहिक राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने की आवश्यकता है। वक्ताओं ने एकजुट होकर शिक्षा, संगठन और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस वीके बाथम, इंजीनियर आरके राम, पूर्व एसडीएम रमेश कुमार, डॉ. उर्मिला निषाद, अधिवक्ता अनिल वर्मा, विक्रम बाथम, डॉ. अरविंद तुम्बारे और पीएन वर्मा सहित विभिन्न राज्यों से आए समाज के गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
