वाराणसी में हत्या से सनसनी, तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में लगी गोली
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के हुई हत्या का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी मोहम्मद ताजिम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था।
जानकारी के अनुसार, आदमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रवि चौहान उर्फ पप्पू की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि रवि के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद ताजिम के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए टीम उसे काशी रेलवे स्टेशन के पास लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि ताजिम ने टीम पर दो राउंड फायरिंग की।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और घटना में इस्तेमाल अन्य संभावित साधनों की भी जांच कर रही है।
