×

बनारस में रातों रात गायब हो गई मस्जिद, मजार और कब्रिस्तान... क्या है पूरा मामला?

बनारस में रातों रात गायब हो गई मस्जिद, मजार और कब्रिस्तान... क्या है पूरा मामला?
काशी स्टेशन विस्तार परियोजना के तहत विवादित भूमि पर चला बुलडोजर

वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास एवं विस्तार परियोजना के तहत मंगलवार देर रात जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊचुंगी-राजघाट इलाके में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमण की जद में आए एक मंदिर, एक मस्जिद तथा दो मजारों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। भारी संख्या में पुलिस, पीएसी, आरआरएफ और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके। प्रशासन ने पहले ही क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी थी।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के तहत लगभग 200 वर्ष पुरानी अजगैब शहीद मस्जिद को भी हटाया गया। मॉडल स्टेशन परियोजना के लिए आवश्यक भूमि खाली कराने के उद्देश्य से आधी रात के बाद कार्रवाई शुरू की गई, जिसमें एक साथ पांच बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया। देर रात तक प्रशासन और रेलवे की टीम सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने के कार्य में जुटी रही।

कार्रवाई से पूर्व ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (जेसीपी) शिवहरी मीणा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा, जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की निगरानी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत की गई है। रेलवे और स्थानीय पक्षों के बीच भूमि को लेकर चल रहे विवाद के मद्देनजर भी प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि काशी स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

Share this story