×

पूर्वोत्तर में सक्रिय हुआ मानसून, पूर्वांचल में जल्द होगी झमाझम बारिश​​​​​​​​​​​​​​

पूर्वोत्तर में सक्रिय हुआ मानसून, पूर्वांचल में जल्द होगी झमाझम बारिश​​​​​​​​​​​​​​
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 18-20 जून तक पूर्वांचल में दस्तक के आसार
 

वाराणसी। सुस्त रफ्तार से आगे बढ़ रहा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब गति पकड़ चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार मानसून पूर्वोत्तर भारत में प्रवेश कर चुका है और बंगाल की खाड़ी में भी इसकी सक्रियता तेजी से बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून तय समय के आसपास उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार शुरुआती दिनों में दक्षिण भारत में बढ़ी मानसूनी सक्रियता के चलते उत्तर प्रदेश में इसके प्रवेश की संभावित दिशा ललितपुर की ओर मानी जा रही थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी में परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद मानसून ने पूर्वी मार्ग पकड़ लिया है। अब इसके सोनभद्र के रास्ते पूर्वांचल में 18 से 20 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के पूर्वोत्तर भारत में पहुंचने के बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर तेजी से आगे बढ़ने से इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश तक समय पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। मानसून के आगमन के साथ पूर्वांचल में व्यापक वर्षा की स्थिति बनने की उम्मीद है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

बीती रात हुई बारिश को मौसम विशेषज्ञ प्री-मानसूनी गतिविधियों और स्थानीय तापीय प्रभाव (लोकल हीटिंग) का परिणाम मान रहे हैं। हालांकि यह बारिश मानसून की औपचारिक दस्तक नहीं मानी जा रही है।

मौसम विभाग द्वारा शनिवार को जारी चार्ट के अनुसार मानसून की प्रगति अब सामान्य गति से हो रही है। यदि आगामी दिनों में परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं, तो 20 जून तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ की मौसमीय परिस्थितियां मानसून की गति को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन वर्तमान रफ्तार को देखते हुए इसके तय समय पर उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

मानसून के सोनभद्र पहुंचने के साथ विंध्य पर्वतमाला और खोड़वा पहाड़ी क्षेत्र में झरनों की रौनक भी बढ़ जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटक और प्रकृति प्रेमी मानसून के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने इन क्षेत्रों का रुख कर सकते हैं।

Share this story