सर्दियों में काशी पहुंचे प्रवासी पक्षी, गंगा की लहरों पर दिखा प्रकृति का मनमोहक नजारा
वाराणसी। सर्दियों की दस्तक के साथ ही धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में प्रकृति का खूबसूरत नजारा देखने को मिलने लगा है। हजारों किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर साइबेरिया और आसपास के ठंडे क्षेत्रों से प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। गंगा की लहरों पर तैरते और आसमान में झुंड बनाकर उड़ान भरते इन पक्षियों की अठखेलियां पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
हर साल सर्दियों के मौसम में अत्यधिक ठंड से बचने और अनुकूल वातावरण की तलाश में प्रवासी पक्षी भारत के विभिन्न हिस्सों का रुख करते हैं। वाराणसी में गंगा नदी और उसके विस्तृत रेतीले तट इन पक्षियों के लिए अनुकूल प्रवास स्थल बनते हैं। इनके पहुंचने से गंगा घाटों और आसपास के प्राकृतिक वातावरण की खूबसूरती और बढ़ गई है।
चार हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर पहुंचते हैं काशी
पक्षी विशेषज्ञ प्रोफेसर चंदना हलदार के मुताबिक, साइबेरिया सहित अत्यधिक ठंड वाले क्षेत्रों से भारत तक पहुंचने के लिए प्रवासी पक्षियों को लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा करनी पड़ती है। ये पक्षी चार हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर विभिन्न देशों और भौगोलिक क्षेत्रों से होते हुए भारत पहुंचते हैं। सर्दियों में मूल निवास क्षेत्रों का तापमान बेहद नीचे चले जाने के कारण ये अपेक्षाकृत गर्म और अनुकूल वातावरण वाले इलाकों में प्रवास करते हैं। काशी के अलावा प्रयागराज और उत्तर भारत के कई अन्य क्षेत्रों में भी इनकी मौजूदगी देखी जाती है।
गंगा की लहरों और रेतीले तटों पर बढ़ी रौनक
काशी पहुंचने के बाद प्रवासी पक्षी गंगा की लहरों पर तैरते और समूह में अठखेलियां करते नजर आते हैं। झुंड में रहना इनकी खास विशेषता है। गंगा के उस पार स्थित रेतीले इलाकों में भी इनकी गतिविधियां देखने को मिलती हैं। सर्दियों का मौसम समाप्त होने और अनुकूल परिस्थितियां बनने पर ये पक्षी अपने मूल निवास स्थलों की ओर लौट जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में गिरावट के साथ इनकी संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
प्यार के नाम पर खिलाया जा रहा खाना बन सकता है नुकसानदायक
प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए गंगा घाटों पर पहुंचने वाले पर्यटक कई बार उत्साह में उन्हें ब्रेड, नमकीन और लाई जैसे खाद्य पदार्थ खिलाते हैं। हालांकि, ये चीजें पक्षियों के प्राकृतिक आहार का उचित विकल्प नहीं हैं और इनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। इसके अलावा गंगा में बढ़ता प्रदूषण और मानवीय गतिविधियां भी इनके प्राकृतिक आवास के लिए चुनौती बन रही हैं। पक्षी विशेषज्ञ के अनुसार, कुछ पक्षी लंबी यात्रा पूरी कर काशी तो पहुंचते हैं, लेकिन विभिन्न कारणों से अपने मूल निवास क्षेत्रों में वापस नहीं लौट पाते।
प्रवासी पक्षियों का संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी
काशी की पहचान केवल उसके मंदिरों और ऐतिहासिक घाटों तक सीमित नहीं है, बल्कि गंगा की जैव विविधता भी इसकी प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में प्रवासी पक्षियों का संरक्षण करना स्थानीय लोगों, पर्यटकों और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे पक्षियों को ब्रेड, नमकीन या अन्य खाद्य पदार्थ न खिलाएं। उन्हें सुरक्षित दूरी से देखें और उनके प्राकृतिक आवास में किसी तरह का हस्तक्षेप न करें। साथ ही गंगा को स्वच्छ रखने में भी सहयोग करें। इन प्रयासों से ही काशी में सर्दियों के दौरान आने वाले इन खूबसूरत मेहमानों का प्रवास सुरक्षित और सुखद बनाया जा सकता है।
