×

देव दीपावली से पहले घाटों की तैयारियों का जायजा लेने नाव से निकले महापौर, अस्सी से नमो घाट तक किया निरीक्षण

 सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश, अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी

वाराणसी। देव दीपावली के भव्य आयोजन को लेकर काशी के गंगा घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करने में जुटा है। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नाव से अस्सी घाट से नमो घाट तक भ्रमण कर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

Varanasi Dev Deepawali 2026, Dev Deepawali Preparations, Varanasi Ghats Inspection, Mayor Ashok Kumar Tiwari, Assi Ghat to Namo Ghat, Varanasi Municipal Corporation, Ganga Ghat Cleaning, Ghat Lighting Arrangements, Dev Deepawali Security Arrangements, Varanasi Tourism News, Kashi News, Ganga Ghats Varanasi, Varanasi Municipal Commissioner, Dev Deepawali Festival

निरीक्षण के दौरान महापौर ने विभिन्न घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, सीढ़ियों पर जमा सिल्ट, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि देव दीपावली से पहले सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

महापौर ने घाटों पर नियमित सफाई अभियान चलाने और गंगा किनारे जमा सिल्ट को समय से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन घाटों की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत कराई जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि देव दीपावली काशी के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। इस अवसर पर गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक वाराणसी पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता, सुगम आवागमन, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम के सामने बड़ी चुनौती रहती है।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और संबंधित क्षेत्रों के पार्षद मौजूद रहे। अधिकारियों ने महापौर को घाटों पर चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का आश्वासन दिया।

Share this story