×

वाराणसी में भीषण आग लगने का सिलसिला जारी! नक्खीघाट की झुग्गी बस्ती में 25 झोपड़ियां जलीं, कई सिलिंडर फटे...

वाराणसी में भीषण आग लगने का सिलसिला जारी! नक्खीघाट की झुग्गी बस्ती में 25 झोपड़ियां जलीं, कई सिलिंडर फटे...

वाराणसी। वाराणसी के नक्खीघाट क्षेत्र स्थित भरतनगर में बृहस्पतिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक झुग्गी बस्ती में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 25 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।

गनीमत यह रही कि यहां रहने वाले 70 से अधिक लोग अपने परिवारों के साथ पश्चिम बंगाल स्थित अपने गांव गए हुए थे, जिससे इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

सिलिंडर फटने से बढ़ी दहशत

आग के दौरान तीन से चार छोटे गैस सिलिंडर फट गए, जबकि कई अन्य सिलिंडर जले हुए हालत में मिले। हालांकि बड़े सिलिंडरों में गैस नहीं होने के कारण बड़ा विस्फोट टल गया।

दमकल और NDRF की टीम ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। पांच दमकल गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

5 किलोमीटर तक छाया धुआं

आग इतनी भीषण थी कि करीब पांच किलोमीटर के दायरे में काला धुआं फैल गया। भदऊचुंगी से नदेसर तक आसमान धुएं से भर गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और सांस लेने में भी परेशानी हुई।

झुग्गी बस्ती में बाहरी लोग रहते थे

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह झुग्गी बस्ती किशून और विशून यादव की खाली जमीन पर बसी थी, जहां कई परिवार कबाड़ बीनने का काम करते थे। इनमें से अधिकांश लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों के सत्यापन को लेकर भी जांच तेज की जाएगी।

वाराणसी के नक्खीघाट क्षेत्र में लगी इस भीषण आग ने एक बार फिर शहरी झुग्गी बस्तियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते जनहानि टल गई, लेकिन लाखों का नुकसान हो गया।

 

Share this story