मणिकर्णिका घाट पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, 8 पहले ही जा चुके हैं जेल
रिपोर्ट- वंशिका सेठ
वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार के लिए आए लोगों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में चौक पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को गंगा महल घाट के पास से शनि चौधरी उर्फ मोदी (19) को पकड़ा। इस मामले में आठ आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शनि चौधरी उर्फ मोदी पुत्र नरेंद्र चौधरी है। वह दशाश्वमेध क्षेत्र के मीरघाट स्थित डी 3/58 का निवासी है। मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- मणिकर्णिका घाट हमला मामले में आठ आरोपितों को जमानत, जिला जज की अदालत से मिली राहत
10 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार के लिए आए लोगों के साथ मारपीट और जानलेवा हमले की घटना को लेकर 10 अक्टूबर 2026 को मिले प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना चौक में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध संख्या 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) में कार्रवाई की है।
ये था पूरा मामला वीडियो देखें...
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जिन्हें जिला जज की अदालत ने आठ आरोपितों को जमानत दे दी है। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने सभी आरोपितों को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र दाखिल करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया। अब शनि चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा एसीपी दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक थाना चौक के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, ब्रह्मनाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा, आरक्षी सत्यम मिश्रा, पारुल कुमार और किशन शर्मा शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
