वाराणसी में प्रेम प्रसंग के शक में कुल्हाड़ी से हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

वाराणसी। चौबेपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के ढूंडूआ गांव में गुरुवार देर रात एक युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए तत्काल दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी बहन के साथ किसी युवक के प्रेम संबंधों पर संदेह था, इसी आशंका के चलते उसने धुरंधर यादव को निशाना बनाया।
घायल के पिता रामफेर यादव द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना के समय धुरंधर अपने माता-पिता के साथ घर में सो रहा था। तभी गांव का ही कुलदीप निषाद, पुत्र अवध बिहारी निषाद, पुरानी रंजिश के चलते घर में घुस आया और कुल्हाड़ी से धुरंधर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में धुरंधर के सिर, सीने, कंधे और कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर घर के सदस्य जाग गए। घायल की भाभी अन्नू ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। शोर मचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चौबेपुर जगदीश कुशवाहा एवं उपनिरीक्षक कमल सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।