वाराणसी में ज़मीनी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगापुर बड़ीबारी गाँव में ज़मीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार डरा-सहमा है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।
पीड़िता डिंपल सिंह ने जानकारी दी कि उनके पति अमित सिंह ने अपने हिस्से की जमीन पर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए ईंटें गिरवाई थीं। लेकिन इसी बीच उनके पटीदार शुभम सिंह उर्फ तूफानी ने उन ईंटों को हटाना शुरू कर दिया। जब अमित सिंह ने इसका विरोध किया तो शुभम सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।
हमले में अमित सिंह को ईंट से सिर पर गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही ज़मीन पर गिर पड़े। इसके बाद डिंपल सिंह ने तत्काल गंगापुर चौकी पर शिकायत दर्ज कराई, जहां से उन्हें रोहनिया थाना भेजा गया। रोहनिया पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि हमले के ठीक अगले दिन फिर से शुभम सिंह तूफानी और उसके लोगों ने अमित सिंह पर दोबारा हमला किया। डिंपल सिंह का कहना है कि शुभम सिंह ने उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़िता ने बताया कि अब उनका परिवार घर से बाहर निकलने में भी डर रहा है। डिंपल सिंह ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।