छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 13 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उसे झाड़ियों की ओर खींचने के प्रयास का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 अगस्त की सुबह की है। छात्रा के पिता ने लंका थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौजूद युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर घर पहुंची।
परिजनों के अनुसार, कुछ देर बाद छात्रा दोबारा स्कूल जाने के लिए घर से निकली। आरोप है कि रास्ते में युवक ने फिर उसका हाथ पकड़ लिया और उसे झाड़ियों की ओर खींचने का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता ने लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भदोही के कजरमऊ निवासी किशन यादव के खिलाफ BNS की धारा 75(2), 75(3), 78(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने छात्रा द्वारा बताए गए घटनास्थलों और आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
