वाराणसी में 28 नवंबर को ट्रैफिक का बड़ा बदलाव, बसों से लेकर ऑटो तक के रूट डायवर्ट
वाराणसी। उपराष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के 28 नवंबर 2026 को वाराणसी आगमन, भ्रमण एवं प्रस्थान के मद्देनजर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रोडवेज और निजी बसों सहित ऑटो एवं ई-रिक्शा के संचालन में भी बदलाव किया गया है। ऐसे में आम नागरिकों को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
बसों के आवागमन के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से सुबह 9 बजे के बाद भारी एवं हल्के वाहनों को एयरपोर्ट तिराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज से रोडवेज और निजी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की तरफ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आ सकेंगी। यहां से उन्हें परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन बसों को ठिकाना ढाबा, मोहनसराय से ही वापस लौटना होगा। भदोही से आने वाली बसें परमपुर और सजोई अंडरपास से वापस भेजी जाएंगी। अखरी की ओर से आने वाली बसों को भिखारीपुर तिराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें मोहनसराय अथवा डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शहर के प्रमुख ओवरब्रिज और मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान हरहुआ ओवरब्रिज, तरना ओवरब्रिज, कज्जाकपुरा ओवरब्रिज और कैंट ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा गोदौलिया से मैदागिन के बीच सभी प्रकार के वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
पुलिस लाइन से चौकाघाट, लहुराबीर से मैदागिन तथा चौकाघाट से गोलगड्डा होते हुए सूजाबाद और पड़ाव तक ऑटो एवं ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। बीएचयू चौराहे से बीएचयू परिसर और सुंदरपुर की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को रविदास गेट और रामा सेंटर तिराहे से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन का भी बदला समय
यातायात व्यवस्था के तहत कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच लहरतारा और भिखारीपुर मार्ग पर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऑटो एवं ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। वहीं, बीएचयू से भिखारीपुर होते हुए मंडुवाडीह स्टेशन तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
रामनगर के शास्त्री चौक से सुबह 11 बजे के बाद चार पहिया और मालवाहक वाहनों को बीएचयू की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को टेंगरा मोड़ के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
जरूरी होने पर ही वाहन लेकर निकलें, अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 28 नवंबर को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का अवलोकन कर लें। अनावश्यक रूप से वाहन लेकर निकलने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
यातायात संबंधी सहायता और जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 7839856994 तथा ट्रैफिक हेल्पलाइन 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।
