×

बीएचयू अस्पताल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, प्रो. पुनीत बने नए चिकित्सा अधीक्षक

बीएचयू अस्पताल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, प्रो. पुनीत बने नए चिकित्सा अधीक्षक
प्रो. अजीत सिंह बने ट्रॉमा सेंटर के नए प्रभारी, कार्यकारी परिषद की मंजूरी के बाद हुई नियुक्तियां

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल को नया चिकित्सा अधीक्षक (मेडिकल सुपरिंटेंडेंट) मिल गया है। सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. पुनीत को अस्पताल का नया चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर का नया प्रभारी बनाया गया है।

दोनों नियुक्तियों को बीएचयू की कार्यकारी परिषद (एग्जीक्यूटिव काउंसिल) की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद औपचारिक रूप से घोषित किया गया। लंबे समय से अस्पताल के प्रशासनिक नेतृत्व को लेकर चल रही प्रक्रिया के बाद इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया गया है।

सर सुंदरलाल अस्पताल पूर्वांचल का सबसे बड़ा तृतीयक सरकारी चिकित्सा संस्थान माना जाता है। यहां पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।

आईएमएस-बीएचयू के अंतर्गत संचालित सर सुंदरलाल अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ विंग सहित विभिन्न इकाइयों में 2,600 से अधिक बेड उपलब्ध हैं। यही कारण है कि यह संस्थान देश के प्रमुख चिकित्सा एवं शिक्षण केंद्रों में शुमार है।

नई नियुक्तियों के बाद अस्पताल के प्रशासनिक संचालन, मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this story