वाराणसी में लव जिहाद...आफताब ने अमित बनकर युवती से किया विवाह, धर्मतांतरण का दबाव, आरोपी फरार
वाराणसी। वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर शादी और धर्म परिवर्तन के दबाव का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रसूलपुर-हरहुआ निवासी आफताब अंसारी ने खुद को “अमित” बताकर एक हिंदू युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में शादी कर ली।
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2024 में एक शादी समारोह के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। आरोपी ने उसे काम दिलाने का भरोसा देकर संपर्क बढ़ाया और बाद में कैंट क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने शादी का वादा किया। इसके बाद 25 मार्च 2025 को चौकाघाट स्थित काली मंदिर में विवाह किया गया।
शादी के बाद आरोपी युवती को अपने घर न ले जाकर लहरतारा क्षेत्र में किराए के मकान में रखने लगा। इसी दौरान उसके व्यवहार से युवती को शक हुआ और बाद में उसकी असली पहचान सामने आई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट की।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार वालों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। किसी तरह वह वहां से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी आफताब उर्फ अमित, उसके पिता और अन्य पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
इस संबंध में एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
