वाराणसी में निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग, लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर जिलाधिकारी वाराणसी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं मतदाता सूची से संबंधित हाल में सामने आई आपत्तियों के मद्देनजर आमजन के बीच उत्पन्न शंकाओं का निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच के माध्यम से निराकरण कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने की मांग की।
पार्टी ने यह भी कहा कि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की स्थिति में उसे नियमानुसार सूचना देने के साथ आपत्ति दर्ज कराने का समुचित अवसर दिया जाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से संबंधित विषयों की जांच कराकर तथ्यों को स्पष्ट करने तथा ज्ञापन को सक्षम प्राधिकारी को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया।
