वारणसी में LJP रामविलास का प्रबुद्ध सम्मेलन, अरुण भारती बोले- 2027 चुनाव के लिए अभी से जुट जाएं कार्यकर्ता
वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से शुक्रवार को वाराणसी कचहरी स्थित कमिश्नरी सभागार में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अरुण भारती ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) गरीबों, दलितों, पिछड़ों और युवाओं की आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।
संगठन विस्तार पर दिया गया जोर
पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय ने कहा कि पार्टी पूर्वांचल में लगातार संगठन विस्तार पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और वर्ष 2027 में पार्टी एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने की अपील
प्रदेश प्रधान महासचिव सीमा सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान को तेज करने और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
मिर्जापुर में घर-घर पहुंचेगी पार्टी
मिर्जापुर जिला अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि जिले में पार्टी को प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों, युवाओं और वंचित वर्ग के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारी
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल हुए। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने और आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
