×

वाराणसी कैंट में तेंदुए की दहशत! 10 दिनों से बंद स्कूल, पिंजरे में बकरी बांधकर वन विभाग कर रहा तलाश

वाराणसी कैंट में तेंदुए की दहशत! 10 दिनों से बंद स्कूल, पिंजरे में बकरी बांधकर वन विभाग कर रहा तलाश

वाराणसी। शहर के कैंटोनमेंट क्षेत्र में संदिग्ध वन्यजीव की मौजूदगी की आशंका से पिछले करीब 10 दिनों से दहशत का माहौल है। सेंट मैरीज कॉन्वेंट स्कूल परिसर और पेयजल टंकी के पास लगे CCTV कैमरों में तेंदुए जैसी आकृति वाला एक संदिग्ध जानवर दिखाई देने के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल को बंद कर दिया गया है और फिलहाल ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है।

संदिग्ध वन्यजीव की तलाश में वन विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसके तहत सेंट मैरीज कॉन्वेंट स्कूल परिसर और कैंटोनमेंट क्षेत्र के बंगला नंबर 61 में दो पिंजरे लगाए गए हैं। दोनों पिंजरों में बकरियां रखी गई हैं, ताकि शिकार की तलाश में आने वाले जानवर को पिंजरे में फंसाकर सुरक्षित पकड़ा जा सके।

वाराणसी कैंट में तेंदुए की दहशत! 10 दिनों से बंद स्कूल, पिंजरे में बकरी बांधकर वन विभाग कर रहा तलाश

दो स्थानों पर पिंजरे लगाकर निगरानी

वन विभाग ने संदिग्ध जानवर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। पिंजरों के अलावा ट्रैप कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से उसकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं।

तेंदुए की मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं

प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) निधि चौहान के अनुसार, कैंटोनमेंट क्षेत्र में अभी तक तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के दौरान पंजों के निशान अथवा अन्य ऐसे ठोस साक्ष्य भी नहीं मिले हैं, जिनसे यह स्पष्ट हो सके कि CCTV फुटेज में दिखाई देने वाला जानवर तेंदुआ ही है। वन विभाग की टीम फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो साझा न करने की अपील

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे पुराने और भ्रामक वीडियो से सावधान रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो या सूचना को साझा न करें। क्षेत्र में किसी संदिग्ध वन्यजीव को देखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

स्कूल बंद होने से अभिभावकों की बढ़ी चिंता

करीब 10 दिनों से स्कूल बंद रहने और ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक संदिग्ध जानवर की पहचान और उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम बनाए रखे जाने चाहिए।

फिलहाल कैंटोनमेंट क्षेत्र के लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि CCTV फुटेज में दिखाई देने वाला संदिग्ध जानवर वास्तव में तेंदुआ है या किसी अन्य जंगली बिल्ली प्रजाति का वन्यजीव। इसकी पुष्टि वन विभाग की जांच और आगे मिलने वाले साक्ष्यों के बाद ही हो सकेगी।

Share this story