×

वाराणसी में ‘कुड़ी पंजाब दी’ तीज महोत्सव की धूम, पंजाबी संस्कृति और कजरी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 वाराणसी में ‘कुड़ी पंजाब दी’ तीज महोत्सव की धूम, पंजाबी संस्कृति और कजरी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

वाराणसी। महमूरगंज स्थित बालाजी पैलेस में सखी पैड बैंक की ओर से भव्य तीज महोत्सव ‘कुड़ी पंजाब दी’ का आयोजन किया गया।

पंजाबी संस्कृति, लोककला, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों से सजे इस कार्यक्रम में करीब 80 लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ BHU फैकल्टी की डीन डॉ. संगीता पंडित ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डॉ. बीना नागर और ममता राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

गणेश वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत नृत्यकला अकादमी के बच्चों की मनमोहक गणेश वंदना से हुई। सलोनी मैम के नेतृत्व में बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम स्थल भक्तिमय माहौल में बदल गया।

इसके बाद बनारस की प्रसिद्ध लोकसंस्कृति कजरी की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। नीरू मिश्रा, सुनीता भार्गव, निशा सिंह, संगीता सेठ, स्वाति सेठ और कुसुम ने सामूहिक रूप से कजरी प्रस्तुत कर कार्यक्रम में काशी की लोक परंपरा का रंग भर दिया।

पंजाबी गानों पर थिरके प्रतिभागी

तीज महोत्सव में आयोजित सोलो डांस प्रतियोगिता में करीब 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नंदिता रॉय, पूजा चौधरी, दीप्ति सिंह, हेमा, कवलजीत कौर, भूमिका कपूरिया, डॉली श्रीवास्तव और दीपिका कक्कड़ समेत प्रतिभागियों ने पंजाबी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

सपना कपूर की नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के बीच मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसका संचालन अनीता जायसवाल ने रोचक अंदाज में किया।

‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। इसके पहले राउंड में महिलाओं के लिए रैंप वॉक का आयोजन किया गया। निर्णायकों ने प्रदर्शन के आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन किया।

इसके बाद अगले चरण में 5 प्रतिभागी फाइनल राउंड तक पहुंचीं। अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया और प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

सहयोगियों की भूमिका को सराहा गया

कार्यक्रम को सफल बनाने में पर्दे के पीछे काम करने वाली सहयोगियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। रितिका जैन, रूबी जैन, मीनू ग्रोवर, शीला गुप्ता, निधि टंडन, नलिनी जैन, प्राची गुप्ता, पूजा श्रीवास्तव, सरिता रॉय, अंजू गोयल, सुधा सिंह और प्रतिभा सिंह सहित कई सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और प्रतिभागियों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया।

आयोजन ने पंजाबी संस्कृति और काशी की लोक परंपरा को एक मंच पर लाकर उत्सव, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकजुटता का खूबसूरत संदेश दिया।

Share this story