घर में घुसकर दिनदहाड़े स्कूटी चोरी, बेचने से पहले कोतवाली पुलिस ने आरोपी को दबोचा
वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरतिरथ मोहल्ले में घर के अंदर खड़ी स्कूटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की है। आरोपी कथित तौर पर स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
हरतिरथ निवासी अरुण कुमार जायसवाल की स्कूटी संख्या UP 65 ER 4060 शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर के अंदर से चोरी हो गई थी। परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हुई। काफी खोजबीन के बाद स्कूटी नहीं मिली तो घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक युवक घर के अंदर से स्कूटी निकालकर उसे स्टार्ट कर फरार होता दिखाई दिया।

पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली थाने में दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान रात्रि गश्त के समय उप निरीक्षक राहुल गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि हरतिरथ से चोरी की गई स्कूटी लेकर एक युवक कज्जाकपुरा तिराहे पर खड़ा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कज्जाकपुरा तिराहे पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की पहचान मलन साहनी निवासी कोनिया के रूप में हुई है।
कोतवाली पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
