सात लाख फूलों से सजेगी काशी, 25 हजार वर्गमीटर में बनेगी भव्य पुष्प नगरी
वाराणसी। धर्म, संस्कृति और परंपरा की नगरी काशी जनवरी 2027 में फूलों की खूबसूरती से सराबोर नजर आएगी। शहर में 9 से 14 जनवरी तक मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, चौकाघाट परिसर में आयोजित होने वाली इस छह दिवसीय प्रदर्शनी को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में सजने वाली इस पुष्प नगरी में लगभग सात लाख फूलों और 30 प्रजातियों के पुष्पों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आयोजन की तैयारियों, सजावट और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदर्शनी को काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जोड़ते हुए आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाए।
‘दिव्य काशी’ थीम पर बनेगी मंदिर की भव्य प्रतिकृति
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘दिव्य काशी’ थीम पर आधारित मंदिर की विशाल प्रतिकृति होगी। इसे पिछली प्रस्तावित संरचना की तुलना में लगभग तीन गुना बड़ा तैयार करने की योजना है। इसके अलावा पूरे परिसर को अलग-अलग रंगों और विषयों के आधार पर पांच प्रमुख जोन में विभाजित किया जाएगा। इनमें काशी की प्राचीन विरासत से लेकर आधुनिक विकास तक की झलक देखने को मिलेगी।
पांच थीम जोन में दिखेगी बनारस की विविधता
प्रदर्शनी में ‘दिव्य काशी’ जोन के तहत मंदिर की भव्य प्रतिकृति मुख्य आकर्षण होगी। ‘नव्य काशी’ को हरे रंग की थीम पर सजाकर नमो घाट सहित शहर के आधुनिक विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, ‘गंगा उत्सव’ जोन में बैंगनी रंग की सजावट के बीच गंगा आरती, नाव और घाटों की सांस्कृतिक छटा दिखाई देगी।
‘रंगीली बनारस’ थीम के अंतर्गत बनारसी साड़ी, पान, संगीत घराना, कला और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा बैंक साइड हॉल में नर्सरी, फूड कोर्ट और बुक फेस्टिवल की व्यवस्था प्रस्तावित है।
फूलों की ताजगी के लिए हर तीसरे दिन बदले जाएंगे पुष्प
छह दिनों तक चलने वाली प्रदर्शनी में फूलों की ताजगी और सुंदरता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक तीसरे दिन प्रदर्शनी बंद होने के बाद रात में फूलों को बदला जाएगा। आयोजन समाप्त होने के बाद सजावटी संरचनाओं को नष्ट करने के बजाय उन्हें शहर के अन्य स्थानों पर स्थापित करने अथवा पुनर्चक्रण के माध्यम से उपयोग में लाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
किसानों और पुष्प उत्पादकों को मिलेगा अवसर
मंडलायुक्त ने प्रदर्शनी में स्थानीय किसानों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी में फल, शाकभाजी, नवीन पुष्प प्रजातियों और उत्कृष्ट कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत उत्पादन पद्धतियों की जानकारी देने पर भी जोर रहेगा।
पिछले वर्ष 243 प्रतियोगियों ने लिया था हिस्सा
उद्यान विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष राजकीय अलंकृत उद्यान, कंपनीबाग परिसर में पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की जाती रही है। पिछले वर्ष आयोजित प्रदर्शनी में 243 प्रतियोगियों ने भाग लिया था और कुल 3,527 प्रविष्टियां दर्ज की गई थीं। इस बार आयोजन को पहले से अधिक विस्तृत और आकर्षक बनाने की तैयारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप निदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी सहित पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन का अनुभव रखने वाली विभिन्न फर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनवरी में आयोजित होने वाला यह महोत्सव न केवल फूलों की खूबसूरती का अनूठा नजारा पेश करेगा, बल्कि काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और आधुनिक विकास को एक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी बनेगा।
