×

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए बनेंगे सीआरपीएफ के दो नए बेस, 4.19 एकड़ जमीन 90 साल के लिए आवंटित होगी

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए बनेंगे सीआरपीएफ के दो नए बेस, 4.19 एकड़ जमीन 90 साल के लिए आवंटित होगी

वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो नए बेस स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए नमो घाट के पास किला कोहना और आदिकेशव घाट के समीप सरायमोहाना क्षेत्र में सरकारी जमीन चिह्नित की गई है। दोनों स्थानों पर कुल 4.19 एकड़ भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को 90 वर्षों के लिए निःशुल्क पट्टे पर देने का निर्णय लिया गया है।

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए बनेंगे सीआरपीएफ के दो नए बेस, 4.19 एकड़ जमीन 90 साल के लिए आवंटित होगी

प्रस्तावित बेस बनने से विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति के दौरान सुरक्षा बलों की उपलब्धता आसान होगी। प्रशासन का मानना है कि स्थायी ठिकाने होने से सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। इससे देश-विदेश से काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, तहसील सदर के ग्राम किला कोहना और सरैताबाद में चिह्नित सरकारी भूमि सीआरपीएफ के उपयोग के लिए आवंटित की जाएगी। सरायमोहाना का उल्लेख राजस्व अभिलेखों में सरैताबाद के नाम से दर्ज है। वहीं, किला कोहना का क्षेत्र नमो घाट के पास गोवर्द्धन धाम मंदिर के ऊपर स्थित है।

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए बनेंगे सीआरपीएफ के दो नए बेस, 4.19 एकड़ जमीन 90 साल के लिए आवंटित होगी

काशी में सीआरपीएफ की तैनाती पहले से है। पहड़िया में इसकी एक बटालियन मौजूद है, जबकि चंदौली के चकिया में इसका मुख्यालय है। वर्ष 2007 में शहर में हुए विस्फोटों के बाद काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा में सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन को तैनात किया गया था। परिसर में 40वीं बटालियन की भी तैनाती रही है।

प्रशासन के अनुसार, नए बेस स्थापित करने का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी और अधिक प्रभावी बनाना है। निर्धारित स्थानों पर बेस तैयार होने के बाद धाम और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरत के समय केंद्रीय सुरक्षा बलों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Share this story