×

देव दीपावली को लेकर काशी विश्वनाथ धाम तैयार, फूलों और दीपों से सजेगा बाबा का दरबार

देव दीपावली को लेकर काशी विश्वनाथ धाम तैयार, फूलों और दीपों से सजेगा बाबा का दरबार

वाराणसी। देव दीपावली 2026 के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के स्वागत और सुगम दर्शन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस अवसर पर बाबा के धाम को आकर्षक पुष्पों, रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और दीपों से भव्य रूप से सजाया जाएगा।

देव दीपावली पर श्री काशी विश्वनाथ धाम का नजारा विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। धाम के विभिन्न हिस्सों में सुगंधित एवं आकर्षक फूलों से सजावट की जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर खूबसूरत पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी। वहीं, शाम को पूरे धाम में दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। इससे बाबा के दरबार में आध्यात्मिक और उत्सवी वातावरण देखने को मिलेगा।

सुगम दर्शन के लिए निर्धारित होंगे मार्ग

पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए दर्शन मार्गों पर एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित और सुव्यवस्थित रखना है, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी श्रद्धालु आसानी से बाबा के दर्शन कर सकें।

पेयजल और स्वच्छता पर विशेष ध्यान

श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धाम के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सफाई एजेंसी को लगातार साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि पर्व के दौरान धाम परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखा जाए।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसओपी के तहत तैयारी

धाम की सुरक्षा को लेकर निर्धारित सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। संबंधित सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों को सतर्क रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।

श्रद्धालुओं से सौम्य व्यवहार के निर्देश

मंदिर प्रशासन ने धाम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कार्मिकों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि देव दीपावली पर बाबा के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। देव दीपावली के पूरे आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव के साथ बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर सकें।

Share this story