देव दीपावली पर अलौकिक छटा से निखरा काशी विश्वनाथ धाम, तस्वीरें देख मंत्रमुग्ध हुए पीएम, सीएम
वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ का दरबार भव्य सजावट और आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। मंदिर परिसर में फूलों की लड़ियों से झूमर जैसी सजावट की गई, वहीं विद्युत रोशनी ने धाम की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा के दर्शन के लिए पहुंचती रही। हर-हर महादेव के जयघोष से काशी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शाम ढलते ही श्री काशी विश्वनाथ धाम की सजावट का नजारा और आकर्षक हो गया। फूलों की मनोहारी सजावट और रोशनी से दमकता मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बना रहा। धाम की भव्य तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब साझा की गईं। देश-विदेश से काशी पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच बाबा दरबार की साज-सज्जा चर्चा का विषय रही।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने देव दीपावली के इस आयोजन को काशी की आध्यात्मिक परंपरा और सनातन संस्कृति की दिव्यता से जोड़ते हुए तस्वीरें साझा कीं। न्यास की ओर से कहा गया कि दीपों की स्वर्णिम आभा और पुष्पों की सजावट से जगमगाता धाम महादेव की नगरी की आध्यात्मिक विरासत का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।
पीएम मोदी ने साझा कीं काशी की तस्वीरें
काशी में देव दीपावली की भव्यता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी ध्यान खींचा। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर काशी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की देशवासियों को शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने इस पर्व को सेवा, परोपकार, पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान की परंपरा से जुड़ा बताया।
सीएम योगी ने भी साझा किया काशी का नजारा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देव दीपावली पर जगमगाती काशी की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने काशी की भव्यता को श्रद्धा, अंत्योदय और सनातन संस्कृति की दिव्य आभा से जोड़ते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं। देव दीपावली के अवसर पर बाबा विश्वनाथ धाम की साज-सज्जा एक बार फिर काशी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक वैभव को देश-दुनिया के सामने लाती नजर आई।
