काशी विद्यापीठ में ABVP के आंदोलन का असर, 11 में से चार मांगें पूरी, बाकी के लिए 15 दिन का समय
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों के अनिश्चितकालीन धरने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी मांगों पर सहमति जताई है। गुरुवार से 11 सूत्री मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन शुक्रवार को कुलपति और कुलसचिव के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हुआ। प्रशासन ने चार मांगों को तत्काल पूरा कर दिया, जबकि शेष मांगों के निस्तारण के लिए 15 कार्यदिवस का समय दिया है।

विद्यार्थी परिषद की गंगापुर परिसर इकाई ने गुरुवार को 11 सूत्री मांगपत्र के साथ धरना शुरू किया था। देर रात कुलानुशासक अमरीश राय धरनास्थल पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की, लेकिन उस समय कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखा।
शुक्रवार को कुलपति आनंद त्यागी और कुलसचिव सुनीता पांडेय ने छात्र प्रतिनिधियों से वार्ता की। बातचीत के दौरान प्रशासन ने चार मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पूरा किया। अन्य मांगों को भी 15 कार्यदिवस के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद धरने को लेकर सहमति बनी।

]विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक राजमंगल सिंह ने कहा कि मांगों पर मिली सहमति छात्रों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिषद छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
धरने में जिला संयोजक हर्ष सिंह, विनय पांडेय, एग्री विजन विश्वविद्यालय प्रमुख शिवम पांडेय, एग्री विजन विश्वविद्यालय संयोजक आकृति त्रिपाठी, रजनीश तिवारी, प्रतीक पाठक, सतीश यादव, चंद्रभूषण मौर्य, पलक, समीरा और श्रेया सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
