×

28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम 5.0, बीएचयू में जुटेंगे सात राज्यों के 1750 प्रतिभागी

वाराणसी, 26 नवंबर। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में किया जाएगा।

Meta Title:

वाराणसी, 26 नवंबर। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में किया जाएगा।

 

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में होने वाले इस आयोजन में सात राज्यों से कुल 1750 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस बार कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘तिरुक्कुरल परिचयम - तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखा गया है।

 

आयोजन के लिए बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) की ओर से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रतिभागियों को सात समूहों में वाराणसी लाया जाएगा। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, किसान, व्यापारी, पेशेवर, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के अलग-अलग स्थलों पर संवाद, शैक्षणिक सत्र और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 1500 से अधिक स्टूडेंट वॉलंटियर्स का चयन किया गया है। 27 नवंबर को ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ का आयोजन होगा, जिसके जरिए काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नृत्य, नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, फोटोग्राफी, मेहंदी और आर्ट इंस्टॉलेशन जैसी गतिविधियां भी होंगी।

तीन शहरों में तैनात होंगे तमिलनाडु के शिक्षक

काशी तमिल संगमम के तहत तमिलनाडु से हिंदी के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और विचारों से परिचित कराना है। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।

प्रत्येक शिक्षक करीब 3000 विद्यार्थियों तक तिरुक्कुरल के विचार पहुंचाएगा। इस पहल का समन्वय बीएचयू के कला संकाय स्थित भारतीय भाषा विभाग के सहयोग से किया जाएगा।

1000 संस्थानों के विद्यार्थी करेंगे तिरुक्कुरल का अध्ययन

कार्यक्रम के अगले चरण में देशभर के 1000 शिक्षण संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी अपनी मातृभाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेगा और इससे प्राप्त ज्ञान को अपने संस्थान तक पहुंचाएगा। यह पहल 15 दिसंबर से शुरू होगी।

विद्यार्थियों को एक महीने के भीतर अध्ययन और समीक्षा का कार्य पूरा कर रिपोर्ट जमा करनी होगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।

बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम दोनों क्षेत्रों के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। विश्वविद्यालय आयोजन की तैयारियों में जुटा है। वहीं, आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इसे देश की समृद्ध सभ्यतागत विरासत से जुड़ने का अवसर बताया।

उनके अनुसार, इस पहल से विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और ज्ञान प्रणालियों के बीच संवाद को बढ़ावा मिलेगा और युवा पीढ़ी साझा सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझ सकेगी।

Share this story