×

एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा काशी स्टेशन, 2027 तक बदलेगी पूरी तस्वीर

एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा काशी स्टेशन, 2027 तक बदलेगी पूरी तस्वीर
2027 तक स्मार्ट सैटेलाइट स्टेशन बनेगा काशी रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
 

वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। वर्ष 2027 तक स्टेशन का कायाकल्प कर इसे एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए 6 जून से 13 सितंबर तक 100 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है, जिसके तहत स्टेशन पर व्यापक निर्माण एवं पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मेगा ब्लॉक के दौरान प्लेटफार्म संख्या 3 और 4 की रेल लाइनों को उखाड़कर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है, जबकि ट्रेनों का संचालन फिलहाल प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 से किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

पुनर्विकास योजना के अंतर्गत स्टेशन पर एक आधुनिक कांकोर्स भवन का निर्माण होगा, जिसमें एस्केलेटर, लिफ्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर यात्री ट्रेन के आगमन के समय ही प्लेटफार्म तक पहुंच सकेंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

रेलवे ने स्टेशन के विकास की रूपरेखा वर्ष 2050 तक की संभावित यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की है। काशी रेलवे स्टेशन को वाराणसी कैंट स्टेशन के सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को प्रभावी ढंग से संभाला जा सके।

परियोजना के तहत स्टेशन पर वर्तमान चार प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाकर छह की जाएगी। इसके साथ ही टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पार्किंग, यात्री सुविधाएं और यातायात प्रबंधन व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जाएगा। इससे अधिक ट्रेनों के ठहराव और संचालन की सुविधा उपलब्ध होगी।

एडीआरएम वाराणसी बृजेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उनका कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद काशी रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति देगा।

काशी रेलवे स्टेशन की भौगोलिक स्थिति भी इसे विशेष महत्व प्रदान करती है। स्टेशन राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से जुड़ा हुआ है तथा इसके समीप स्थित नमो घाट देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन चुका है। ऐसे में स्टेशन का आधुनिकीकरण वाराणसी के पर्यटन और यातायात ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद काशी रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे आधुनिक और सुविधासंपन्न रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

Share this story