Varanasi News: काशी स्टेशन विकास कार्य के बीच गंज शहीदा मस्जिद पर रेलवे की नजर, 20 जून तक खाली करने की चेतावनी
वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने की दिशा में चल रहे विकास कार्यों के बीच रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर के निकट स्थित गंज शहीदा मस्जिद को लेकर बड़ा कदम उठाया है। रेलवे की ओर से मस्जिद परिसर पर नोटिस चस्पा कर 20 जून तक जगह खाली करने को कहा गया है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित यह निर्माण स्टेशन विस्तार और सर्कुलेटिंग एरिया के विकास में बाधा बन रहा है। इसलिए रेलवे भूमि पर बने इस ढांचे को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद रेलवे प्रशासन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर सकता है।

मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी ने नोटिस की वैधता पर सवाल खड़े कर दिए। कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि मस्जिद का इतिहास काफी पुराना है और इससे संबंधित अभिलेख वक्फ बोर्ड और पुराने बंदोबस्ती रिकॉर्ड में दर्ज हैं।
कमेटी का दावा है कि संबंधित मुकदमा किसी अंतिम न्यायिक निर्णय के आधार पर नहीं बल्कि अदम पैरवी के कारण खारिज हुआ था। ऐसे में रेलवे की कार्रवाई को कानूनी चुनौती दी जाएगी। कमेटी ने हाईकोर्ट में अपील दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है।

उधर, रेलवे प्रशासन स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए अतिक्रमण और बाधक निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया जारी रखे हुए है। हाल के महीनों में स्टेशन क्षेत्र के आसपास कई अन्य निर्माण भी हटाए जा चुके हैं।
अब यह मामला प्रशासनिक कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सभी की निगाहें 20 जून के बाद रेलवे और मस्जिद प्रबंधन की अगली रणनीति पर टिकी हैं।
