एयर शो के लिए सज रही काशी, घाटों की सफाई से प्रमुख मार्गों की रोशनी तक विशेष तैयारी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और शहर की साफ-सफाई की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बड़े आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रभावी यातायात योजना तैयार करने तथा आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त सुविधाएं, स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड और मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा। गंगा घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने पर भी जोर दिया, ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को बिना बाधा आवागमन मिल सके।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। त्योहारों और अन्य आयोजनों के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। एयर शो के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा, युवक मंगल दल और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों की मदद लेने के निर्देश दिए गए।
घाटों की सफाई के लिए 3,000 कर्मचारी तैनात
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर निगम की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घाटों से सिल्ट हटाने के साथ व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है। नगर निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सफाई व्यवस्था के लिए 3,000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की जा रही है।
नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग और विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और घाटों के आसपास स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे, ताकि आयोजन के दौरान शहर की व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।
प्रमुख मार्गों पर लगेंगी स्पाइरल लाइटें
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने तथा प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों और विकास प्राधिकरण को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।
बैठक से पहले जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रशासनिक एवं पुलिस तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी दी।

कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, वायुसेना के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे और नमो घाट पर होने वाले एरियल डिस्प्ले को लेकर प्रशासन का जोर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात सुचारु रखने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है। आयोजन से पहले सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
