घमहा पुर में करणी सेना जिलाध्यक्ष का दौरा, मनीष सिंह हत्याकांड में उठाए गंभीर सवाल
वाराणसी। जिले के घमहा पुर गांव में हुए मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी क्रम में क्षत्रिय करणी सेना के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह रघुवंशी रविवार को मृतक मनीष सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान अभिषेक सिंह रघुवंशी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 6 मई तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो करणी सेना एक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने इस हत्याकांड को लेकर साजिश की आशंका भी जताई। उनका कहना था कि जिस प्रकार घर से थोड़ी ही दूरी पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, वह कई गंभीर सवाल खड़े करता है और किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस बीच, मृतक के परिजनों ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पुलिस अब तक केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही। मौके पर लगातार विभिन्न जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लगा हुआ है, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील बना हुआ है।
करणी सेना जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि दोषियों को ऐसी कड़ी सजा मिलनी चाहिए, जिससे समाज में अपराध करने वालों के मन में भय पैदा हो और कोई भी अपराध करने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर हो।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक आरोपियों की गिरफ्तारी होती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है।
