काशी में 13 और 14 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 32 कंपनियां करेंगी भर्ती
वाराणसी। जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में करीब 32 निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले का पहला आयोजन 13 नवंबर को मिर्जामुराद स्थित जनता इंटर कॉलेज, खोचवां में होगा। वहीं, दूसरा रोजगार मेला 14 नवंबर को चोलापुर स्थित आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। दोनों स्थानों पर सुबह 10 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह के अनुसार, मेले में एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, ब्लिंकिट, सिपेट, लतारा कॉरपोरेट, डिक्सन, मदरसन, ओजोन कॉर्प्स प्राइवेट लिमिटेड, मार्स कॉस्मेटिक प्राइवेट लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और फ्लिपकार्ट सहित करीब 32 कंपनियां शामिल होंगी।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए चयन करेंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को अपना बायोडाटा लेकर निर्धारित स्थल पर सुबह 10 बजे पहुंचना होगा।
पिछले रोजगार मेले में 2792 युवाओं को मिले थे नौकरी के प्रस्ताव
इससे पहले तीन और पांच नवंबर को आयोजित रोजगार मेलों में 92 कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। इन मेलों में कुल 6860 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 2792 युवाओं को नौकरी के प्रस्ताव मिले थे। चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना पैकेज तक का ऑफर दिया गया था। खास बात यह रही कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से 290 महिलाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए थे।
