काशी की संस्कृति को नई पहचान देने की पहल, 460 युवाओं ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
वाराणसी। काशी की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा युवाओं को प्रशिक्षित टूरिस्ट गाइड के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को संत अटुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में "काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026" की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 460 युवाओं ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 90 प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक त्रिभुवन राम एवं राहुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके संवाद कौशल का विकास करना तथा उन्हें काशी की सांस्कृतिक पहचान का प्रभावी प्रतिनिधि बनाना रहा।
प्रतियोगिता के अंतर्गत निबंध लेखन, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं के विषय काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, त्योहार, हस्तशिल्प, धर्म, संत परंपरा, संगीत एवं स्थानीय खानपान से संबंधित रहे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के लिए कुल 539 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 460 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें निबंध लेखन में 130, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन में 111 तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग प्रतियोगिता में 219 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान काशी की संस्कृति और पर्यटन पर आधारित आकर्षक रील प्रस्तुतियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा।
प्रतियोगिता की प्रत्येक विधा के निर्धारित 10 विषयों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित कुल 90 विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। आयोजन स्थल पर लगभग 1,350 लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और भव्य स्वरूप प्रदान किया।
