वाराणसी मंडल में दिव्यांग रेल कर्मचारियों के सशक्तिकरण की पहल, 7 कर्मचारियों को मिली ई-स्कूटी
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने दिव्यांग रेल कर्मचारियों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए व्यावसायिक दक्षता विकास कार्यक्रम-2026 का आयोजन किया। लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल के दिव्यांग कर्मचारियों को प्रशिक्षण, प्रेरणा और सुविधाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन तथा अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिव्यांग कर्मचारी, रेलवे अधिकारी और महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेलवे सभी कर्मचारियों को समान अवसर प्रदान करने के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने बताया कि वाराणसी मंडल में वर्तमान समय में 133 दिव्यांग कर्मचारी कार्यरत हैं, जो अपनी मेहनत और समर्पण से रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि सात पात्र दिव्यांग कर्मचारियों को स्टाफ बेनिफिट फंड के तहत विद्युत चालित स्कूटी का वितरण रहा। अधिकारियों के अनुसार वाराणसी मंडल में पहली बार इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे दिव्यांग कर्मचारियों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन ने कहा कि दिव्यांग कर्मचारी अपनी इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से यह साबित कर चुके हैं कि चुनौतियां सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप उपयोगी सामग्री भी वितरित की।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के पूर्व सलाहकार सदस्य डॉ. उत्तम ओझा ने दिव्यांग अधिकारों, समान अवसर और आत्मनिर्भरता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुप्ता ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान द्वारा दिव्यांगजनों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ सर्वेश सिन्हा ने कर्मचारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, केवाईसी स्कैम और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कविताएं और स्काउट-गाइड बच्चों द्वारा दिव्यांगता विषयक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि रेलवे भविष्य में भी दिव्यांग कर्मचारियों के विकास और समावेशी कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
