वाराणसी में शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा का दबदबा बरकरार, लाल बिहारी यादव दूसरी बार विजयी
वाराणसी। विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते हुए भाजपा के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 5,015 मतों से पराजित किया। लाल बिहारी यादव को कुल 11,612 मत मिले, जबकि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 6,597 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी चेतनारायण सिंह 3,471 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मतगणना के दौरान प्रथम वरीयता के मतों में लाल बिहारी यादव को 10,958 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 6,060 मत प्राप्त हुए। हालांकि, जीत के लिए निर्धारित मतों का आवश्यक आंकड़ा पूरा नहीं होने के कारण द्वितीय वरीयता के मतों की गणना कराई गई। इसके बाद अंतिम परिणाम में लाल बिहारी यादव ने 11,612 मत हासिल कर जीत दर्ज की।
जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
लाल बिहारी यादव की जीत की घोषणा के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। देर रात तक समर्थकों के बीच बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।
इस जीत के साथ ही वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा ने अपनी राजनीतिक स्थिति बनाए रखी है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों के परिणामों पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।
