कबीरचौरा अस्पताल में हुई महत्वपूर्ण बैठक, स्वास्थ्य शिविरों पर बनी रणनीति
वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा में लक्ष्मीकुंड फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फाउंडेशन के परियोजना समन्वयक गौतम कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक में फाउंडेशन की ओर से संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक गतिविधियों एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन परियोजना को लेकर चर्चा करते हुए कार्यक्षेत्र में आयोजित किए जाने वाले निःशुल्क जनरल हेल्थ चेकअप कैंपों के माध्यम से दवा वितरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु सहयोग का अनुरोध किया गया।
डॉ. पीयूष राय ने फाउंडेशन के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी जैसी गंभीर बीमारी के नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग विभाग से डॉ. अन्वित श्रीवास्तव तथा लक्ष्मीकुंड फाउंडेशन से मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
