HIV जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को मिली महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी
वाराणसी (जंसा)। देईपुर, झबरा स्थित माँ शान्ति इण्टर कॉलेज में सघन HIV जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को HIV संक्रमण, बचाव के उपायों और समय रहते जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, वाराणसी के SSK (ORW) विशाल कुमार शास्त्री ने छात्र-छात्राओं को HIV संक्रमण से बचाव, आवश्यक सावधानियों तथा जांच संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने i-SCAN (Self Risk Assessment & HIV/Syphilis Testing) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी जोखिम को लेकर अनुमान के बजाय समय रहते जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को “अनुमान छोड़िए, SCAN कीजिए” का संदेश देते हुए HIV संबंधी सहायता एवं जानकारी के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों के बीच इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करने और उनमें जिम्मेदार स्वास्थ्य व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जागरूकता अभियान में योगदान के लिए श्री विशाल कुमार शास्त्री के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने HIV से संबंधित जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश लिया।
