×

वाराणसी में इंसानियत हुई शर्मसार! मां ने 12 साल की बेटी का किया सौदा, दुष्कर्म के आरोप में तीन गिरफ्तार

वाराणसी में इंसानियत हुई शर्मसार! मां ने 12 साल की बेटी का किया सौदा, दुष्कर्म के आरोप में तीन गिरफ्तार

वाराणसी में मां ने 12 साल की बेटी को बेचा, दुष्कर्म और मानव तस्करी मामले में तीन गिरफ्तार

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक मां ने अपनी 12 वर्षीय बेटी को महज 16 हजार रुपये और 10 साड़ियों के बदले बेच दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बच्ची को खरीदने वाले व्यक्ति ने पहले मंदिर में शादी का नाटक किया और फिर कई महीनों तक उसका यौन शोषण करता रहा। बाद में एक ऑटो चालक ने भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक यह पूरा मामला जनवरी 2026 का है। बिहार के अरवल जिले की रहने वाली महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को चंदौली निवासी लहरू यादव उर्फ राकेश को बेच दिया था। इसके बदले आरोपी ने महिला को नकद रुपये और साड़ियां दी थीं।

मंदिर में शादी का ढोंग, फिर शुरू हुआ अत्याचार

जांच में सामने आया कि आरोपी लहरू यादव ने समाज की नजरों से बचने के लिए नाबालिग बच्ची से मंदिर में शादी का दिखावा किया। हालांकि शादी के नाम पर वह लगातार बच्ची का शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस के अनुसार करीब चार महीने तक आरोपी बच्ची को अपने साथ रखकर दुष्कर्म करता रहा।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता भी है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने खुद को कम उम्र का दिखाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर हेयर ट्रांसप्लांट भी कराया था।

मंडुवाडीह स्टेशन पर छोड़कर हुआ फरार

सारनाथ पुलिस के अनुसार 19 मई को आरोपी नाबालिग को वाराणसी के मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया। स्टेशन पर अकेली बच्ची को देखकर झारखंड निवासी ऑटो चालक रवि वर्मा ने मदद का भरोसा दिया।

मदद के बहाने ऑटो चालक ने भी किया दुष्कर्म

पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक बच्ची को सारनाथ क्षेत्र में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह बच्ची को अपने घर पहड़िया ले गया।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से खुला मामला

ऑटो चालक के घर में नाबालिग लड़की को देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को बरामद कर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मां समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बच्ची की मां, लहरू यादव और ऑटो चालक रवि वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नाबालिग को आवश्यक सुरक्षा व सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। 

 

Share this story