वाराणसी में 15 नवंबर से शुरू होगी हॉट एयर बैलून सेवा, आसमान से कर सकेंगे 84 गंगा घाटों का दीदार
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी आने वाले पर्यटकों को जल्द ही एक नया और रोमांचक पर्यटन अनुभव मिलने जा रहा है। देव दीपावली से पहले वाराणसी में हॉट एयर बैलून सेवा शुरू करने की तैयारी है। आगामी 15 नवंबर से नमो घाट से इस सेवा का संचालन प्रस्तावित है। इसके माध्यम से पर्यटक आसमान की ऊंचाई से काशी के ऐतिहासिक 84 गंगा घाटों और गंगा के मनोरम दृश्य का दीदार कर सकेंगे।
इस सेवा के संचालन के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी की ओर से हैदराबाद की कंपनी स्काई वोल्ट के साथ समझौता (एमओयू) किया गया है। निर्धारित योजना के अनुसार, हॉट एयर बैलून में एक बार में अधिकतम 10 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था होगी। प्रत्येक उड़ान लगभग 45 मिनट की होगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति 17,688 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
देव दीपावली के अवसर पर काशी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद रहती है। ऐसे में हॉट एयर बैलून सेवा पर्यटन के लिहाज से एक नया आकर्षण बन सकती है। पर्यटकों को अब तक नाव और क्रूज के जरिए गंगा घाटों की सुंदरता निहारने का अवसर मिलता रहा है, लेकिन इस नई पहल से उन्हें आसमान से काशी की भव्यता देखने का अलग अनुभव मिलेगा।
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, शहर में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने और पर्यटकों को नए अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हॉट एयर बैलून सेवा उन पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी, जो काशी और गंगा के विहंगम दृश्यों को एक अलग नजरिये से देखना चाहते हैं।
काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के बीच शुरू होने जा रही यह सेवा वाराणसी के पर्यटन क्षेत्र को नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
